कानपुर में अतिक्रमण देख भड़के नगर आयुक्त, बोले- फौरन करें जब्ती की कार्रवाई (Kanpur news)
कानपुर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को मोतीझील, अमर जवान चौक, अशोक नगर, 80 फिट रोड, भदौरिया चौराहा, लेनिन पार्क चौराहा, पी रोड और गांधी नगर के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य मार्गों पर और फुटपाथ पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण देख उन्होंने जोनल अधिकारियों से नाराजगी जताई।
पी रोड, वनखंडेश्वर मंदिर और सीसामऊ बाजार में निरीक्षण के दौरान कई जगह फुटपाथ गायब मिले और सड़कों तक कब्जे मिले। इस पर नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार अभियान चलाएं ताकि अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त हों और वे दोबारा अतिक्रमण न कर सकें। उन्होंने जोनल अधिकारियों से कहा कि मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना विभाग की जिम्मेदारी है। इसे समझें और राजस्व निरीक्षक तैनात कर यूजर चार्ज वसूलें व जब्ती की कार्रवाई करें।
80 फिट रोड से भदौरिया चौराहा के बीच फुटपाथ पर कई जगह दीवारें बनी पाई गईं। इस मार्ग पर सप्ताह में दो बार अभियान चलाते हुए अतिक्रमण ध्वस्त करने व यूजर चार्ज की वसूली के लिए निर्देशित किया गया। लेनिन पार्क ढाल पर जलकल पंप के बाहर सीएंडडी वेस्ट पाया गया। इस पर जोनल अभियंता को वेस्ट उठाने व संबंधित दोषी से यूजर चार्ज की वसूली को निर्देशित किया गया।
नगर आयुक्त ने लेनिन पार्क और गांधी नगर में पेयजल की समस्या का भी संज्ञान लिया। मौके पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया गया। जलकल महाप्रबंधक ने वाटर लाइन ध्वस्त होने की जानकारी दी। इस पर नगर आयुक्त ने कार्य को जल्दी कराते हुए पेयजल समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक पेयजल समस्या दूर नहीं होती, प्रतिदिन क्षेत्र में टैंकर उपलब्ध कराएं।
