0

लखीसराय में 2.33 करोड़ की दवाएं एक्सपायर, मरीजों तक नहीं पहुंची एक भी गोली

By Dec 9, 2025

लखीसराय जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां करोड़ों रुपये की दवाएं एक्सपायर हो गईं और मरीजों तक एक भी गोली नहीं पहुंची। प्रधान महालेखाकार, बिहार पटना द्वारा की गई विशेष लेखा परीक्षा में यह खुलासा हुआ है कि सदर अस्पताल लखीसराय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा को 567 प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराई गई थीं, जिनकी कुल कीमत 2 करोड़ 33 लाख 45 हजार 601 रुपये 30 पैसे है।

लेखा परीक्षा में पाया गया कि ये सभी दवाएं एक्सपायर हो चुकी हैं और इन्हें नियमानुसार नष्ट किया जाना था। हालांकि, संस्थानों ने इन दवाओं को छिपाकर रखा और विनिष्टिकरण की प्रक्रिया शुरू तक नहीं की गई। यह प्रक्रिया सितंबर 2024 तक पूरी हो जानी चाहिए थी।

जांच टीम ने इस बात पर चिंता जताई है कि मानवीय भूल से एक्सपायर दवाएं मरीजों तक पहुंच सकती हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। इस गंभीर मामले पर प्रधान महालेखाकार ने सिविल सर्जन और मुख्य मेडिकल अफसर लखीसराय को रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं भेजा गया है।

जिले के ड्रग स्टोर में 41 प्रकार की दवाएं (मूल्य 8,96,218.24), सदर अस्पताल में 144 प्रकार (मूल्य 1,11,24,990.68) तथा सूर्यगढ़ा सीएचसी में 412 प्रकार की दवाएं (मूल्य 1,13,24,932.38) उपलब्ध कराई गई थीं। इन सभी दवाओं को मरीजों को नि:शुल्क वितरित किया जाना था, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हुआ।

जब इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. उमेश प्रसाद सिंह से पूछा गया, तो उन्होंने पहले अनभिज्ञता जताई, लेकिन बाद में कहा कि मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें