मुख्यमंत्री सैनी ने ‘सदन संदेश’ पत्रिका का किया विमोचन, जनता को मिलेगी विधानसभा की जानकारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘सदन संदेश’ का विमोचन करते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मजबूती उसकी संवाद संस्कृति पर निर्भर करती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सरकार और विपक्ष, दोनों का समान दायित्व है कि वे जनहित को सर्वोपरि रखें और विचार-विमर्श की उस परंपरा को आगे बढ़ाएं, जो विधानसभा की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत केवल चुनावों में नहीं, बल्कि उस विश्वास में निहित है, जो जनता अपने प्रतिनिधियों पर करती है। यह विश्वास बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सदन में होने वाली हर चर्चा, हर बहस और हर निर्णय का सीधा संबंध नागरिकों के जीवन से होता है। इसलिए, जन-प्रतिनिधियों का यह कर्तव्य है कि वे सदन में उपस्थित रहें, अध्ययन व शोध करें, जनता की भावनाओं को समझें और सार्थक एवं रचनात्मक बहस में भाग लें। सभाओं और समितियों की बैठकें, विधेयकों का अध्ययन, नीतियों का विश्लेषण, ये सभी विधायी कार्य जन-प्रतिनिधियों की निष्ठा को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की सिद्धि के लिए शोध-आधारित विधायी कार्यों की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाएंगे, नीतियों को समझेंगे और विकास की गति को तेज करने के लिए ठोस समाधान देंगे, तभी यह लक्ष्य संभव हो पाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि ‘सदन संदेश’ पत्रिका में बीते एक वर्ष के दौरान हरियाणा विधानसभा के सभी सत्रों की विस्तृत समीक्षा शामिल की गई है। इससे आमजन को सदन की कार्यवाही की सटीक और विधिवत जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पत्रिका न केवल सूचनाप्रद और रोचक होगी, बल्कि जन-जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विधानसभा का प्रयास है कि नियमित अंतराल पर इस पत्रिका का प्रकाशन जारी रहे। पत्रिका में विधायी प्रक्रियाओं के साथ-साथ हरियाणा के सभी विधायकों और सांसदों की संपूर्ण जानकारी भी संकलित की गई है।
हरियाणा में मतदाता सूची का विशेष मिलान: 79 लाख नाम वेरीफाई, एसआईआर की तैयारी
गोल्डी बराड़ पर हरी बॉक्सर का सनसनीखेज दावा: ‘कभी उठाता था लॉरेंस की चप्पलें’
चंडीगढ़ शूटआउट: पैरी को बदमाशों ने नजदीक से मारी थीं 7 गोलियां, 4 आर-पार, 3 शरीर में धंसी
पैरी हत्याकांड: स्नैपचैट कॉल से बुलाकर दी हत्या, भाई बोला- परिवार को खतरा
