0

ओंकारेश्वर में बड़ा हादसा टला: 11 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, लाइफ जैकेट ने बचाई जान

By Dec 16, 2025

खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में सोमवार को ब्रह्मपुरी घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पलटने से हड़कंप मच गया। नाव में 11 श्रद्धालु सवार थे। नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में लोहे के एंगल से टकरा गई और पंखे में कपड़ा फंसने के कारण पलट गई।

राहत की बात यह रही कि सभी श्रद्धालु पहले से लाइफ जैकेट पहने हुए थे। नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार जिन नावों का संचालन किया जा रहा था, उनकी लाइसेंस प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई थी। इसके बावजूद घाट पर नावें चल रही थीं, जिसे नगर परिषद की लापरवाही माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओंकारेश्वर बांध परियोजना से समय-समय पर पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर अचानक घटता-बढ़ता रहता है, जिससे घाट क्षेत्र में हमेशा खतरा बना रहता है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी एके सिंदया ने बताया कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, नाविक संघ के सचिव अरुण वर्मा ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सुरक्षा इंतजाम और कड़े करने की मांग की है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें