मीरजापुर में एसटीएफ-पुलिस ने कार से 70 किलो गांजा पकड़ा, एक तस्कर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ वाराणसी और देहात कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात मीरजापुर में एक कार से लगभग 70 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर मीरजापुर के रास्ते से ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर सीओ सदर अमर बहादुर मीरजापुर के नेतृत्व में एसटीएफ वाराणसी के निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी प्रभात कुमार, विजेंद्र नाथ राय और बरकछा चौकी इंचार्ज विनोद कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने छानबीन शुरू की।
शुक्रवार की रात करीब दस बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर समोगरा अंडरपास के पास एक हुंडई वरना कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। टीम ने कार को रोका और उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के इंजन के पास छिपाकर रखा गया 69 किलो 512 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से अंबेडकर नगर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित जयनापुर गांव निवासी रजनीश द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी रजनीश द्विवेदी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह कार संदीप वर्मा निवासी जयनापुर सिकंदरपुर, थाना समनपुर, जनपद अंबेडकर नगर की है। संदीप वर्मा ही उसे गांजा लाने के लिए अपना वाहन और रुपये देकर उड़ीसा भेजता था। रजनीश ने बताया कि उसे प्रति चक्कर 20 हजार रुपये मिलते थे। इस खेप को अंबेडकर नगर जनपद के बसखारी थाना क्षेत्र स्थित मसड़ा बाजार निवासी राकेश वर्मा को देना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस बड़ी बरामदगी को नशे के कारोबार पर एक महत्वपूर्ण चोट माना जा रहा है।
