यूपी में मिड-डे-मिल का ‘महा-गबन’: 11 करोड़ रुपये डकार गए अफसर! तीन मदरसों के प्रधानाचार्य समेत 6 सस्पेंड, मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में मध्यान्ह भोजन योजना में 11 करोड़ रुपये के ‘महा-गबन’ का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में अफरातफरी का माहौल है। बच्चों के भोजन के लिए आवंटित इस भारी-भरकम राशि की धांधली के बाद तीन मदरसों के प्रधानाचार्यों समेत छह लोगों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कड़ी कार्रवाई जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा गबन के मुकदमे में नामजद होने के बाद की गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने इस बड़े घोटाले में एमडीएम सेल के जिला समन्वयक सहित कुल 44 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है, जिनमें से पांच आरोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए युद्धस्तर पर दबिश दे रही है।
मध्यान्ह भोजन योजना में बड़े पैमाने पर हुई इस धांधली के बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग भी हरकत में आ गया है। विभाग ने गबन के मुकदमे में नामजद तीन मदरसों के प्रधानाचार्यों और प्रत्येक के एक-एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। इस आशय का पत्र सभी मदरसा प्रबंध समितियों के प्रबंधकों को जारी कर दिया गया है।
जिन प्रधानाचार्यों और सहायक अध्यापकों को निलंबित किया गया है, उनमें मदरसा आयशा सिद्दीका पचपेड़वा की प्रधानाचार्य परवीन फातिमा, मदरसा दारुल उलूम फारुकिया मध्यनगर पचपेड़वा के प्रधानाचार्य गुलाम गौसुलवरा, सहायक अध्यापक नूरुल हुदा खान, वकील अहमद और मदरसा फजले रहमानिया पचपेड़वा के प्रधानाचार्य नूरुल हसन खान एवं परिचारक तौहीद शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य ने बताया कि तीनों मदरसों के प्रबंधकों को निलंबन के संबंध में पत्र भेजा जा चुका है और आरोपित प्रधानाचार्यों व सहायक अध्यापकों को निलंबित करते हुए कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर कोतवाली की पुलिस ने डीसी एमडीएम फिरोज अहमद खान निवासी बरगदवा सैफ पचपेड़वा, प्रधानाध्यापक अशोक कुमार गुप्त निवासी बलुआ बलुई कोतवाली देहात, प्रधान नसीम अहमद निवासी चयपुरवा गैंसड़ी, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष मो. अहमदुल कादरी निवासी मध्यनगर पचपेड़वा एवं सहायक अध्यापक मलिक मुनव्वर निवासी धुसवा इटईरामपुर गैंड़ासबुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली मनोज कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि मध्यान्ह भोजन योजना में गबन के नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
