मैनपुरी में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, लाखों का जुर्माना; पुलिस का मानवीय चेहरा भी दिखा
मैनपुरी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के तहत रविवार को जिले भर में 459 वाहनों का चालान किया गया, जिससे पांच लाख 26 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात माह के तहत जिले में वाहन चेकिंग के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का लक्ष्य चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है, लेकिन इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
अभियान के दौरान जिन वाहनों का चालान किया गया, उनमें चार वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, पांच वाहन गलत नंबर प्लेट के साथ चल रहे थे, जबकि तीन वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखे थे। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 209 चालकों पर कार्रवाई हुई, वहीं 157 वाहन तीन सवारी ढोते पाए गए। इनके अलावा, अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 80 वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया।
यातायात क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार के निर्देश पर यातायात प्रभारी सुनील कुमार ने नगर के ईशन नदी पुल, करहल चौराहा, भांवत चौराहा और जेल चौराहा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो वाहनों को सीज भी किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से 15 हजार रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
इस सख्त कार्रवाई के बीच, मैनपुरी पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी देखने को मिला, जिसका एक वीडियो रविवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो में यातायात प्रभारी सुनील कुमार एक वृद्ध महिला को सड़क पार कराते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 80 वर्षीय एक वृद्ध महिला ईशन पुल पर काफी देर से सड़क पार करने के लिए खड़ी थीं, लेकिन वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण वह असमर्थ थीं। तभी वहां चेकिंग कर रहे यातायात प्रभारी सुनील कुमार की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए वृद्ध महिला के पास पहुंचे, उनका हाथ पकड़कर उन्हें सुरक्षित सड़क पार कराई और फिर उन्हें ऑटो में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इस मानवीय कार्य के लिए यातायात प्रभारी की व्यापक सराहना हो रही है।
