मऊ में फूड प्वाइजनिंग: राजकीय इंटर कॉलेज की पांच छात्राएं बीमार, अस्पताल में भर्ती
मऊ जिले के बडरांव ब्लाक के कटिहारी गांव में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कालेज छात्रावास में शुक्रवार को फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया। दोपहर करीब 12 बजे छात्रावास में रहने वाली 43 छात्राओं में से पांच की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दाल फ्राई, चावल और रोटी का सेवन करने के तुरंत बाद 15 वर्षीय रिती कुमारी, 18 वर्षीय शिवानी चौहान, 16 वर्षीय श्रद्धा सिंह, 16 वर्षीय शिखा यादव और 17 वर्षीय आरती यादव को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।
छात्राओं की बिगड़ती हालत को देखते हुए वार्डन ने तत्काल अन्य छात्राओं को भोजन करने से रोक दिया। आनन-फानन में बीमार छात्राओं को बडरांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी पांचों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात दो छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद शनिवार सुबह एक और छात्रा को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, रिती कुमारी और शिवानी चौहान को अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
इस घटना के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच समिति गठित की गई है। समिति अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह घटना छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
