लखनऊ: अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में सीएएल नाइट्रो, ग्लैडिएटर्स और ब्ल्यू ने दर्ज की जीत
लखनऊ में एपी स्पोर्ट्स ट्रॉफी के लिए आयोजित रोहित चतुर्वेदी मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-13 के लीग मुकाबले जारी हैं। शुक्रवार को खेले गए मैचों में सीएएल नाइट्रो, सीएएल ग्लैडिएटर्स और सीएएल ब्ल्यू ने जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
सीएएल नाइट्रो ने क्रूसेडर्स को हराया
पहले मैच में सीएएल नाइट्रो ने सीएएल क्रूसेडर्स को दो विकेट से शिकस्त दी। क्रूसेडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 140 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में नाइट्रो की टीम ने 23.3 ओवरों में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से विराट साहनी ने 42 और विश्वांक राजपूत ने 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में सात्विक सिंह ने चार और कियान ने दो विकेट चटकाए।
ग्लैडिएटर्स और ब्ल्यू की आसान जीत
दूसरे मुकाबले में सीएएल ग्लैडिएटर्स ने सीएएल हरीकंस को छह विकेट से मात दी। हरीकंस द्वारा दिए गए 101 रनों के मामूली लक्ष्य को ग्लैडिएटर्स ने महज 13.4 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। विवान मिश्रा ने 45 और प्रेमांक तिवारी ने 23 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। तीसरे मैच में सीएएल ब्ल्यू ने सीएएल डॉलफिन को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। डॉलफिन के 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्ल्यू ने 25 ओवरों में सिर्फ दो विकेट खोकर जीत दर्ज की। शिवम ने 62 और माज के 52 रनों ने जीत को आसान बना दिया।
