लखनऊ में LDA का एक्शन: दुबग्गा में 7 अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 4 अवैध निर्माण सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। मंगलवार को प्रवर्तन टीमों ने गोमती नगर विस्तार और चिनहट क्षेत्रों में चार अवैध निर्माणों को सील कर दिया। इन निर्माणों को LDA से आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराए बिना अंजाम दिया जा रहा था।
प्रवर्तन जोन-एक की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-सात के सरसवां में प्रमोद, डा. कुलदीप सिंह, आशीष व कामिनी वर्मा द्वारा 140, 150 और 200 वर्गमीटर के भूखंडों पर अवैध निर्माण कार्य चल रहा था। इसी तरह, चिनहट के ग्राम-दमरिया में रिंग रोड के पास आशुतोष मदेशिया, शिमला देवी, विवेक सिंह व कल्पना द्वारा 400 वर्गमीटर में व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था, जिसे सील कर दिया गया।
इसके साथ ही, प्रवर्तन जोन-सात के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के नेतृत्व में दुबग्गा क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई हुई। लालनगर, शेखपुरवा और सराई प्रेमनगर में लगभग 85 बीघा जमीन पर सात अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। यह प्लॉटिंग LDA से ले-आउट स्वीकृत कराए बिना की जा रही थी। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और अनियोजित विकास पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
