जमीन विवाद: JhinjhakJhinjhak news में धरने पर बैठी विधवा महिला की हालत बिगड़ी
झींझक के मंगलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर पिलख गांव में जमीन विवाद को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी एक विधवा महिला की हालत बिगड़ गई है। महिला पिछले चार दिनों से धरने पर बैठी थी।
लक्ष्मणपुर पिलख निवासी मंजू देवी का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। मंजू देवी ने बताया कि आंबेडकर पार्क के पीछे गांव के कोटेदार आशीष, अजय कुमारी, छोटू और अशोक कुमार ने मिलकर उसकी जमीन पर पिलर खड़े कर दीवार बनानी शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो दबंगों ने उसके साथ मारपीट पर आमादा हो गए।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसने इसकी शिकायत स्थानीय प्रशासन से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की लापरवाही से परेशान होकर मंजू देवी 5 फरवरी से उसी जगह पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई। धरने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के तीन भाइयों में से एक ने दूसरे पक्ष को अपने हिस्से की जमीन बेच दी है। इसलिए विवाद का कोई कारण नहीं है। हालांकि, महिला का कहना है कि प्रशासन दबंगों का पक्ष ले रहा है और उसे न्याय नहीं मिल रहा है।
