0

खादर के जंगल में पुलिस का ड्रोन अभियान, शराब तस्कर पकड़ से दूर

By Dec 1, 2025

झिंझाना, शामली। खादर के जंगल में पुलिस का सघन तलाशी अभियान और ड्रोन से निगरानी किसी भी संदिग्ध को पकड़ने में नाकाम रही। रविवार दोपहर को सीओ कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में झिंझाना, बाबरी, गढ़ीपुख्ता समेत कई थाना प्रभारियों और पीएसी बल ने याहियापुर गांव के निकट के खादर क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस टीम ने गांव के बाहरी हिस्सों और डेरों के आसपास गहनता से छानबीन की। लगभग 15 मिनट तक ड्रोन उड़ाकर आसपास के इलाकों और मकानों की निगरानी की गई, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता नहीं चला। तलाशी अभियान के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।

सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि यह गश्त आगामी कोहरे के मौसम में होने वाली संभावित घटनाओं, जैसे डकैती, की रोकथाम के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पुलिस ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने इस कार्रवाई को सामान्य गश्त का हिस्सा बताया।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार पुलिस किसी बड़े शराब तस्कर की तलाश में इस क्षेत्र में दबिश देने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि तस्कर को पुलिस के आने की भनक लग गई और वह खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहा। इस कारण पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की खोज जारी रहेगी और इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें