कुत्ते को घुमाने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पुलिस जांच में जुटी
आगरा के थाना सैंया के बीरई गांव में एक मामूली सी बात पर दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह विवाद सोमवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे तब शुरू हुआ जब एक परिवार की बेटी अपने पालतू कुत्ते को घर के बाहर घुमा रही थी। पड़ोस में रहने वाले दूसरे परिवार ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई और इसी बीच एक पक्ष के युवक अंकित ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर कर दिया। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। फायरिंग की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव में झगड़ा हुआ है, लेकिन गोली चलने की घटना की अभी तक कोई ठोस पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों परिवारों के लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाने ले गई है।
चौकी इंचार्ज तेहरा अफरोज अहमद ने बताया कि पुलिस को झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि फायरिंग की सूचना की पुष्टि नहीं हो पाई है और न ही किसी पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत या तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
