0

कुलदीप पठानिया का जयराम ठाकुर पर तीखा पलटवार: ‘पंचायत नहीं, अपनी पार्टी संभालें’

By Oct 27, 2025

ज्वालामुखी, संवाद सहयोगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें अपनी पार्टी की आंतरिक कलह पर ध्यान देने की नसीहत दी है। पठानिया ने कहा कि जयराम ठाकुर को पंचायत चुनाव की चिंता छोड़कर भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री पद के लिए मची होड़ को संभालना चाहिए। उन्होंने ज्वालामुखी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान यह बात कही।

पठानिया ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी इस समय कई गुटों में बंटी हुई नजर आ रही है और उनके नेताओं में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर जोर आजमाइश का खेल चला हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इस आंतरिक खींचतान पर कांग्रेस की पूरी नजर है और प्रदेश की जनता भी इसका खूब मजा ले रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि समय अनुसार पंचायत, नगर निकाय और नगर निगम के चुनाव भी होंगे, इसलिए जयराम ठाकुर को इनकी चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

कुलदीप पठानिया ने जयराम ठाकुर की बयानबाजी को ‘हास्यास्पद’ करार देते हुए कहा कि वह आए दिन ऐसे बयान देकर अपनी जग हंसाई करवा रहे हैं। पठानिया ने जयराम ठाकुर को चुनौती दी कि यदि वह वास्तव में हिमाचल प्रदेश के सच्चे हितैषी हैं, तो उन्हें सभी सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों के साथ मिलकर प्रदेश के लिए घोषित आपदा राहत कोष को केंद्र सरकार से शीघ्र जारी करवाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि यह धन राशि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचनी चाहिए, जिन्हें आपदा से भारी नुकसान हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और शीघ्र ही उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम कर रही है। इसमें अनाथ बच्चों, जरूरतमंद लोगों और बुजुर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं, कर्मचारियों के हित में फैसले, युवाओं को रोजगार के अवसर और किसान-बागवानों के हित में लिए जा रहे निर्णय शामिल हैं। पठानिया ने अंत में जयराम ठाकुर को सलाह दी कि उन्हें अब 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करनी चाहिए।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें