कटनी में खूनी वारदात: बेटे ने पिता-सौतेली मां की हत्या कर दी, गिरफ्तार
कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड ने सनसनी फैला दी है। खेत में रखवाली कर रहे एक दंपती की निर्मम हत्या के आरोप में उनके ही बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए बताया कि हत्या का कारण पारिवारिक विवाद था।
जानकारी के अनुसार, बिजोरी गांव निवासी 40 वर्षीय लल्लू राम कुशवाहा अपनी 35 वर्षीय पत्नी प्रभा कुशवाहा और 13 वर्षीय बेटी रश्मि के साथ निगहरा व सुनहरा गांव के बीच संत कुमार श्रीवास के खेत की रखवाली करते थे। परिवार खेत में बने एक कच्चे मकान में रहता था।
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से पति-पत्नी पर हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। सुबह जब लोगों ने उनके रक्तरंजित शव खेत के मकान में देखे तो इलाके में दहशत फैल गई। घटना के समय मृतक दंपती की बेटी रश्मि भी घर के अंदर एक कमरे में सो रही थी, लेकिन उसे इस वारदात की भनक तक नहीं लगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर विशेषज्ञों से घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। गहन छानबीन और पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक लल्लू राम कुशवाहा के बेटे को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।
