Kasganj News: संपत्ति विवाद में ताऊ ने भतीजे को मारी गोली, पैर में लगी गोली, रेफर
कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नगला डालू गांव में सोमवार सुबह एक ताऊ ने अपने भतीजे पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली भतीजे के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तुरंत पटियाली सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नगला डालू गांव निवासी सबल सिंह और उनके भाई वीर सिंह उर्फ पप्पू के बीच लंबे समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच घर के बाहर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि वीर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर भतीजे प्रदीप (सबल सिंह के बेटे) पर फायर कर दिया। गोली प्रदीप के बाएं पैर में जा लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपी वीर सिंह रिटायर्ड फौजी है और वह गंजडुंडवारा में रहता है, जबकि उसकी जमीन गांव में है। घायल प्रदीप के पिता सबल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी वीर सिंह और उसके दामाद सुनील के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
