Kanpur news: अस्पताल में आग से नवजात की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
कानपुर के बिठूर स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना राजा अस्पताल की है, जहां एनआईसीयू में वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इस हादसे में एक नवजात बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई।
बाकरगंज निवासी अरुण निषाद की पत्नी बिट्टू को रविवार सुबह प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम को बिट्टू ने एक बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने नवजात को एनआईसीयू में वार्मर मशीन के पास रखा था। परिजनों का आरोप है कि देर शाम वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग की चपेट में आने से नवजात बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने घटना को कई घंटों तक छिपाए रखा। जब परिवार को बच्ची की मौत की जानकारी हुई और उन्होंने सवाल किए तो अस्पताल कर्मी जवाब देने से बचते रहे। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
