Kanpur Dehat news: घरेलू कलह से परेशान फैक्ट्री श्रमिक ने की आत्महत्या
कानपुर देहात के पुखरायां क्षेत्र में एक फैक्ट्री श्रमिक ने घरेलू कलह के चलते आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर रात राजीव नगर निवासी अभिषेक उर्फ करन (30) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अभिषेक स्थानीय फैक्ट्री में काम करता था। उसके माता-पिता भी नबीपुर की एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार, अभिषेक की पत्नी प्रियंका छह महीने पहले पति से विवाद के बाद अपने मायके चली गई थी। वह अपने साथ पांच साल के बेटे वंश और दो साल की बेटी परी को भी ले गई थी। पत्नी के जाने के बाद से अभिषेक लगातार तनाव में था।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि अभिषेक ने गृह कलह से परेशान होकर यह कदम उठाया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
