कन्नौज में अखिलेश का भाजपा पर वार, एसआईआर के बहाने चुनाव हार को जीत में बदलने का लगाया आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर तीखा प्रहार किया है। कन्नौज में एक वैवाहिक समारोह में पहुंचे अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा पर हार को जीत में बदलने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए अनैतिक और गलत तरीके अपना रही है, लेकिन देश की जनता सब समझती है और ऐसे प्रयासों को विफल करेगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि यह एसआईआर प्रक्रिया बिहार मॉडल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनावी नतीजों को प्रभावित करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत काम न होने पर फार्म निरस्त हो सकते हैं और मतदाता सूची में वोट दर्ज नहीं होंगे। उन्होंने एक स्थानीय एसडीएम की रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए बताया कि अधिकारी भी बिना पर्याप्त तैयारी और प्रशिक्षण के इस प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं। बीएलओ और बीएलए को उचित प्रशिक्षण नहीं दिया गया है, जिससे यह प्रक्रिया संदेह के घेरे में है।
सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, क्योंकि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल और बिजली की कीमतें आसमान छू रही हैं, जबकि स्वास्थ्य सेवाएं और दवाएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं। कन्नौज में मेडिकल कॉलेज का संचालन ठीक से नहीं हो रहा, सड़कें अधूरी हैं और एंबुलेंस जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी बर्बाद कर दी गई हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा खोखला साबित हुआ है, मंडी व्यवस्था चौपट हो गई है और रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी ठप पड़ा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर तीन-चार महीने काटना चाहती है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर पूरी ताकत से चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों में जनता के समर्थन से भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और सत्ता में आने पर दिल्ली की तर्ज पर कन्नौज के रेलवे स्टेशन का भी भव्य निर्माण कराया जाएगा।
