किन्नरों से छेड़खानी पर बार में बवाल, सड़क पर उतरे, वीआईपी मार्ग जाम
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक लीकर बार में शनिवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बर्थडे पार्टी मना रहे किन्नरों के साथ कुछ युवकों ने छेड़खानी कर दी। सूत्रों के अनुसार, लगभग बीस किन्नर एक निजी बर्थडे पार्टी के लिए बार में मौजूद थे और जश्न मना रहे थे। इसी दौरान बार में बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ अभद्रता और छेड़खानी की।
इस घटना के बाद किन्नरों और युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। बार प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। जब किन्नर बार से बाहर निकले तो मौके पर पुलिस बल भी मौजूद था। इसी बीच, एक पुलिसकर्मी द्वारा एक किन्नर पर कथित तौर पर लाठीचार्ज कर दिया गया, जिससे किन्नर समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए।
आक्रोशित किन्नरों ने फौरन सड़क पर उतरकर हंगामा शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग को लगभग तीन घंटे तक जाम कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी, हटिया डीएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर उसी रास्ते से गुजरने वाले वीआईपी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
किन्नरों ने पुलिसिया कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि उनके साथ बार में गलत व्यवहार हुआ, लेकिन पुलिस उन्हें न्याय दिलाने के बजाय उन पर ही लाठीचार्ज कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बहस की और नारेबाजी की, जिसमें उन्होंने पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग का आरोप लगाया। अरगोड़ा चौक पर कई किन्नर कार के सामने लेटकर विरोध करते दिखे, तो कुछ ने पत्थर भी उठा लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा ने सुरक्षा के मद्देनजर लीकर बार को तत्काल सील करने का आदेश दिया है। बार संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि बार में किन्नरों से डांस कराने की सूचना मिली थी, हालांकि किन्नरों ने इस बात से इनकार किया और कहा कि वे केवल बर्थडे पार्टी के मौके पर ही नाच रहे थे। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
निलंबित आईएएस विनय चौबे पर एसीबी का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मामले में चौथी FIR दर्ज
राजधानी को संवारने के नाम पर करोड़ों डूबे, विकास योजनाएं दम तोड़ गईं
झारखंड में बढ़ेगी ठंड: अगले 4 दिन छाए रहेंगे बादल, तापमान में गिरावट के आसार
IBPS परीक्षा में बिहार के दो फर्जी उम्मीदवार गिरफ्तार, संगठित गिरोह का पर्दाफाश
रांची में रोहित-कोहली की वापसी, बुमराह के बिना उतरेगी टीम इंडिया
