केएमपी पर गाय को बचाने के प्रयास में कार पलटी, बच्ची की मौत, मां-मौसी घायल
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक मासूम की जान चली गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। यह दर्दनाक घटना बिलासपुर थाना क्षेत्र के पचगांव टोल प्लाजा के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
सूत्रों के अनुसार, मूल रूप से भिवानी जिले के तोशाम की रहने वाली मंजू, जो पलवल जिले में एडीजे की स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं, अपनी चार वर्षीय बेटी मनमीन और बहन के साथ क्रेटा गाड़ी में सवार होकर तोशाम से पलवल जा रही थीं। मंजू स्वयं गाड़ी चला रही थीं।
जैसे ही कार पचगांव टोल प्लाजा के पास केएमपी पर पहुंची, तभी अचानक एक गाय उनकी गाड़ी के सामने आ गई। मंजू ने आनन-फानन में ब्रेक लगाकर और गाड़ी को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई।
इस भीषण हादसे में कार में सवार मंजू, उनकी बेटी मनमीन और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान, चार वर्षीय मासूम बच्ची मनमीन ने दम तोड़ दिया। वहीं, मंजू और उनकी बहन का इलाज अभी भी जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
बिलासपुर थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। यह घटना केएमपी एक्सप्रेसवे पर बढ़ती रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा गई है।
