“कब तक EVM-SIR की बकवास करेंगे? अपनी कमजोरियां देखें”: ओवैसी का अखिलेश पर तीखा हमला
हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव जैसे नेता अपनी हार के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और एसआईआर (SIR) को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उन पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी कमजोरियों पर ध्यान देना चाहिए।
ओवैसी ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं बिहार की जनता को एआईएमआईएम को वोट देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उन पांच सीटों पर जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों और पार्टी सदस्यों को इतनी मेहनत करने के लिए धन्यवाद और बधाई देता हूं। हम बिहार की जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी धन्यवाद किया और सीमांचल क्षेत्र के कल्याण के लिए काम करने का संकल्प दोहराया।
अखिलेश यादव पर हमला करते हुए ओवैसी ने कहा, “मैं इतना बड़ा राजनेता नहीं हूं, लेकिन मुझे नजर आ रहा था कि ये नतीजे आ सकते हैं। अब उनको सोचना है, अगर वह वही पुराना रिकॉर्ड शुरू कर देंगे कि ओवैसी जिम्मेदार है तो बहुत अच्छा है, शुक्रिया है। मेरा गाना बजाते रहो।” उन्होंने अखिलेश के इस तर्क पर भी अफसोस जताया कि बिहार की कामयाबी के लिए एसआईआर जिम्मेदार है। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी भी एनडीए की जीत नहीं चाहती थी और उन्होंने पूरी कोशिश की, लेकिन अब अखिलेश को यह सोचना होगा कि वे भाजपा को क्यों नहीं रोक पा रहे।
एआईएमआईएम प्रमुख ने सपा मुखिया को सलाह देते हुए कहा, “अगर आप वाकई में कुछ सुधार करना चाहते हैं तो कब तक आप ईवीएम और एसआईआर के बारे में बकवास बातें करेंगे। इसको छोड़िए और देखिए कि आपकी कमजोरी कहां है?” उन्होंने जोर देकर कहा कि अब वह जमाना खत्म हो चुका है जब नेता खुद को राजा और जनता को प्रजा समझते थे, और सोचते थे कि जनता बस वोट डालेगी। ओवैसी ने विपक्ष को आत्ममंथन और जमीनी हकीकत को समझने की सलाह दी।
