कासगंज रोड पर दर्दनाक हादसा: तीन की मौत, एक घायल, दो अन्य हादसों में भी तीन की जान गई
कासगंज रोड पर सोमवार रात को हुए एक भयावह सड़क हादसे ने तीन परिवारों को तबाह कर दिया। सोरों जी से परिक्रमा लगाकर लौट रहे विश्व हिन्दू परिषद के नगर अध्यक्ष वैभव जैन (35) सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक दो बाइकों पर सवार थे, तभी पीछे से आ रहे एक आयशर कैंटर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोतवाली नगर के मोहल्ला पुलिया गर्वी निवासी वैभव जैन और साथी अरपेन्द्र (43) पुत्र धर्मपाल सिंह निवासी एमपीनगर कोतवाली नगर सोरोंजी की पंचकोशीय परिक्रमा लगाकर देररात घर लौट रहे थे। दूसरी ओर, संदीप (28) पुत्र रामकिशोर, जो दिल्ली के मुखर्जी नगर में आईएएस की तैयारी कर रहे थे, अपने साथी आकाश उर्फ अनिल निवासी असरौली कोतवाली देहात के साथ बरेली से लौट रहे थे। चारों जब थाना मिरहची के गांव अमृतपुर कट के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज गति से आ रहे आयशर कैंटर के चालक ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंटर चालक ने दोनों बाइकों को काफी दूर तक घसीटा, जिसके बाद चालक कैंटर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने वैभव जैन, अरपेन्द्र और संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम गृह पर शवों को देखकर वे बेसुध हो गए। संदीप के परिवार ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा था और आईएएस बनने का सपना देखता था। पिता का सपना था कि बेटा एक दिन बड़ा अधिकारी बनकर परिवार का नाम रोशन करेगा, लेकिन इस हादसे ने उनका सपना चकनाचूर कर दिया। वैभव जैन एक पशु प्रेमी थे और घायल पशुओं की निस्वार्थ सेवा करते थे। अरपेन्द्र के तीन बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।
इसी रात दो अन्य सड़क हादसों में भी तीन लोगों की मौत हो गई। थाना पिलुआ क्षेत्र में फ्लाई ओवर के पास अपने बेटे के साथ बाइक से लौट रही सोना देवी (45) पत्नी महेश चन्द्र बाइक से गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, सकीट रोड पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रफीक (55) पुत्र जुम्मन निवासी कहरला जलेसर की मौत हो गई। वह शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। थाना मारहरा के गांव सराय जरेलिया के पास दो बाइकों की भिड़ंत में देवराज (21) पुत्र कालीचरन की भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
