0

कालिया गैंग का प्रमुख शूटर अभिषेक मिश्रा चरस के साथ बिहार एसटीएफ के हत्थे चढ़ा

By Nov 24, 2025

बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कालिया गैंग के खूंखार शूटर अभिषेक मिश्रा उर्फ मुकुल मिश्र को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लगभग 280 ग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। अभिषेक मिश्रा मूल रूप से सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के चक्का रसुलपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार शातिर अपराधी के विरुद्ध पटना, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूटपाट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत सात से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान अभिषेक मिश्रा ने अपने कई अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस उसकी निशानदेही पर सोमवार को कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, हालांकि अभी तक किसी अन्य की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह केवल हथियार तस्करी ही नहीं, बल्कि चरस की तस्करी में भी संलिप्त था। इस दिशा में गहन जांच और कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, अहियापुर थाने में वर्ष 2021 में दर्ज एक मामले में वह नवलकिशोर हत्याकांड का आरोपित रहा है। इसके अतिरिक्त, पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में नन्हकू सिंह हत्याकांड (पाठक गैंग) में भी उसकी संलिप्तता पाई गई है, जिसमें वह वांटेड चल रहा था। इसके अलावा, पताही में ही वर्ष 2023 में हुए ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड और दानापुर, पटना में वर्ष 2024 में राम जी राय हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया है। डुमरा और रुन्नीसैदपुर सहित अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस विभिन्न जिलों की पुलिस से संपर्क कर अभिषेक मिश्रा के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है, ताकि लंबित मामलों में उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा सके। इस गिरफ्तारी से कालिया गैंग की कमर टूटने की उम्मीद है और पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

मां जानकी मंदिर निर्माण की समय सीमा घोषित, विवाह पंचमी 2025 से पहले होगा पूरा

अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद अब भक्तों की निगाहें सीतामढ़ी के पुनौराधाम स्थित मां जानकी मंदिर पर टिकी हैं। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मां...
By Nov 24, 2025

साझा करें