एक माह में टूटा ‘प्यार का गुब्बारा’, प्रेमी ने छोड़ा, माता-पिता ने भी त्यागा
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रेम प्रसंग का एक दुखद मामला सामने आया है, जहां आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को प्यार में धोखा मिला है। करीब एक माह पहले अपने प्रेमी के साथ घर से भागी 16 वर्षीय छात्रा को उसके प्रेमी ने मुजफ्फरपुर जंक्शन पर अकेला छोड़ दिया। अब उसके माता-पिता ने भी उससे रिश्ता तोड़ लिया है, जिसके बाद पुलिस उसे बालिका गृह भेजने की तैयारी कर रही है। यह घटना उन युवाओं के लिए एक सबक है जो कम उम्र में प्रेम-प्रसंग के जाल में फंस जाते हैं और फिर उन्हें जीवन भर पछताना पड़ता है।
यह मामला जिले के मीनापुर थाना अंतर्गत पानापुर ओपी क्षेत्र का है। गत सात अक्टूबर को 16 वर्षीय छात्रा सब्जी खरीदने का बहाना कर घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, जिसके बाद पता चला कि वह रूपेश राम नामक युवक के साथ गई है। छात्रा के पिता ने आरोपी युवक के पिता से संपर्क किया, जिन्होंने भी किशोरी के अपने बेटे के साथ बाइक पर जाने की पुष्टि की। इसके बाद छात्रा के पिता ने मीनापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
जांच अधिकारी ने बताया कि घर से भागने के बाद उसी दिन छात्रा ने आरोपी रूपेश राम के साथ एक मंदिर में शादी कर ली थी। घरवालों के डर से दोनों पहले नेपाल चले गए और फिर वहां से दिल्ली पहुंचे। करीब एक माह तक इधर-उधर भटकने के दौरान उनके पास जो भी पैसे थे, वे खत्म हो गए। इसके बाद दोनों ने वापस घर लौटने का फैसला किया।
तेरह नवंबर को पीड़िता आरोपी के साथ दिल्ली से मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची। यहां आने के बाद आरोपी युवक उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर तक छात्रा अपने प्रेमी का इंतजार करती रही, लेकिन जब वह नहीं आया तो वह किसी तरह सकरा पहुंची। वहां से सूचना मिलने पर पानापुर ओपी पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
शनिवार को अपहृत छात्रा को विशेष पॉक्सो कोर्ट संख्या तीन में प्रस्तुत किया गया। विशेष कोर्ट की न्यायाधीश नूर सुल्ताना के आदेश पर न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी सावित्री को कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। पुलिस की ओर से बयान दर्ज कराने के बाद भी उसके परिजन उसे लेने नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, छात्रा के इस तरह घर से भाग जाने से उसके माता-पिता बेहद दुखी हैं और उन्होंने उससे अपना रिश्ता ही खत्म कर लिया है। वहीं, जिसके लिए उसने अपनों को छोड़ा था, वह भी उसे अकेला छोड़ गया। ऐसे में पुलिस अब उसे बेगूसराय स्थित बालिका गृह पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
