एक करोड़ का सोना 19 लाख में! झांसा देकर व्यापारी से ठगी, एक गिरफ्तार
गोपालगंज के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो भोले-भाले व्यापारियों को सोने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करता था। इस बार गिरोह ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर के एक व्यापारी, मोहन जी गुप्ता, को निशाना बनाया। व्यापारी को एक करोड़ रुपये का सोना सिर्फ 19 लाख रुपये में दिलाने का झांसा देकर अरेराज के सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पास बुलाया गया।
सूत्रों के अनुसार, ठगों ने व्यापारी को विश्वास में लेने के लिए सुनियोजित योजना बनाई थी। व्यापारी अपने तीन सहयोगियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां से उसे सोने के बहाने रढ़िया गांव के अमरेश पांडेय के घर ले जाया गया। घर में पहले से ही गिरोह के चार-पांच अन्य सदस्य मौजूद थे।
जैसे ही ठगों ने व्यापारी को सोना दिखाने के लिए एक कमरे में ले जाया, उन्होंने मौका देखकर व्यापारी के पास रखे 19 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। हालांकि, व्यापारी के सहयोगियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक ठग, संतोष दास, को मौके पर ही दबोच लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गिरफ्तार आरोपी संतोष दास से पूछताछ की। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन्हें फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
गोविंदगंज थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस गिरोह के सरगना सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सोने की चमक के पीछे छिपे धोखेबाजों की करतूतों को उजागर किया है और पुलिस की सतर्कता को भी परखा है।
