सुहागरात के 5 दिन बाद ही दुल्हन ने दिया धोखा, लाखों के गहने लेकर हुई फरार; यूपी में युवक के साथ बड़ा फ्रॉड
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक युवक के साथ शादी के नाम पर बड़ा धोखा हुआ है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित युवक ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसकी शादी फरीदाबाद निवासी एक युवती के साथ हुई थी।
पीड़ित के अनुसार, अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक बिचौलिए ने शादी कराने की एवज में उससे एक लाख बीस हजार रुपये लिए थे। बिचौलिए ने युवती को गरीब परिवार का बताकर शादी के लिए राजी किया था। जहांगीराबाद स्थित एक मंदिर में विवाह संपन्न हुआ, जिसके बाद दुल्हन को घर लाया गया।
शादी के पांच दिन बाद ही दुल्हन ने अपने असली इरादे जाहिर कर दिए। रात के समय मौका पाकर वह घर से सोने का मंगलसूत्र, पायल, कुंडल, लौंग और अन्य कीमती गहने लेकर फरार हो गई। सुबह जब स्वजनों ने दुल्हन को कमरे में नहीं पाया तो हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित पति ने इस मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने बिचौलिए और फरार दुल्हन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।
