जॉन अब्राहम को दिल्ली कॉलेज में भीड़ ने घेरा, पीठ पर मिले स्क्रेच के निशान: चित्रांगदा सिंह का खुलासा
अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने हाल ही में सार्वजनिक स्थानों पर अभिनेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि कैसे कुछ इवेंट्स में भीड़ बेकाबू हो सकती है और इससे निपटना मुश्किल हो जाता है। चित्रांगदा ने निधि अग्रवाल और सामंथा रुथ प्रभु के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
चित्रांगदा ने खुद के साथ हुए एक अनुभव को भी साझा किया, जब एक दही हांडी इवेंट के दौरान कुछ लोग उनकी कार पर जोर-जोर से मारने लगे थे, जिससे वह काफी डर गई थीं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाएं केवल महिला कलाकारों के साथ ही नहीं होतीं। चित्रांगदा ने अपनी फिल्म ‘आई, मी और मैं’ के प्रमोशन के दौरान दिल्ली के एक कॉलेज में हुई घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह और जॉन अब्राहम कॉलेज पहुंचे, तो भीड़ बेकाबू हो गई और सब जॉन की ओर बढ़ने लगे। जॉन ने उन्हें सुरक्षित कार तक पहुंचाया। कार में बैठने के बाद जॉन ने अपनी शर्ट उतारी, तो उनकी पूरी पीठ पर खरोंच के निशान थे। चित्रांगदा ने कहा कि वह सुरक्षित रहीं क्योंकि वहां बहुत सारी महिलाएं मौजूद थीं। इस घटना ने अभिनेताओं की सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर किया है।
