झारखंड: लोहरदगा में सरस्वती विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के उडूमुडु गांव में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। इस झड़प में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। यह घटना सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई। गांव में प्रतिमा को घुमाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद हिंसक झड़प शुरू हो गई।
घायलों को कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की शुरुआत शनिवार शाम को हुई जब मां सरस्वती की प्रतिमा को गाड़ी में रखकर घुमाया जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी एक समुदाय के घर से छू गई, जिस पर ड्राइवर की पिटाई की गई। रात में मामला शांत हो गया था, लेकिन सुबह होते ही इसने हिंसक रूप ले लिया। दूसरे समुदाय के लोगों ने घरों पर हमला कर तोड़फोड़ की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हैं और आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
