झज्जर एनकाउंटर: Rohtak IG ने की जांच, अब खाप पंचायतों ने बढ़ाई हलचल, कानून व्यवस्था पर संकट
हरियाणा के झज्जर में हुए हाई-प्रोफाइल पुलिस एनकाउंटर मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। रोहतक रेंज के आईजी समरजीत सिंह ने डीजीपी के निर्देश पर इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल पुलिसकर्मी से भी मुलाकात की। यह एनकाउंटर सांपला रोड स्थित गैलेक्सी होटल से शुरू हुआ था और इसमें दो चरणों की मुठभेड़ हुई थी।
आईजी ने रोहतक और झज्जर के आला अधिकारियों के साथ मिलकर गैलेक्सी होटल, सुर्खपुर मोड़, अच्छेज और पहाड़ीपुर स्थित उन सभी स्थानों का दौरा किया जहां मुठभेड़ होने का दावा किया गया था। उन्होंने बेरी के मौका-ए-वारदात का भी निरीक्षण किया। इसके बाद आईजी आस्कर अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी से घटनाक्रम की जानकारी ली।
करीब चार घंटे तक चली जांच के बाद आईजी ने प्राथमिक तौर पर पुलिस की थ्योरी के खिलाफ कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी से मुलाकात हुई है और तकनीकी जांच जारी है। हालांकि, उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और जांच को गोपनीय बताया।
पुलिस जांच के समानांतर अब सामाजिक स्तर पर भी इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। एनकाउंटर में शामिल पंकज के समर्थन में अहलावत खाप सामने आ गई है। खाप प्रतिनिधियों ने एनकाउंटर की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। चर्चा है कि गांव मायना में रविवार को ‘सतगामा’ (सात गांवों की पंचायत) की पंचायत) की बैठक हो सकती है।
यदि खाप पंचायतें इस मामले में कोई कड़ा रुख अपनाती हैं, तो यह स्थानीय प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था की एक नई चुनौती बन सकता है। पुलिस की फारेंसिक टीमें और तकनीकी सेल डेटा खंगालने में जुटे हैं, जबकि खाप पंचायतों के रुख पर सबकी नजरें टिकी हैं।
