0

जमुई में पेड़ से टकराया कंटेनर, अधेड़ की मौत, तीन घायल

By Dec 3, 2025

जमुई जिले के खैरा-अमीन पथ पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। नवादा से जुट का बोरा लादकर खैरा की ओर आ रहा एक अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे लगे एक विशाल पीपल के पेड़ से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर की सीधी टक्कर के कारण पीपल के पेड़ की एक मोटी टहनी टूटकर नीचे गिर गई। दुर्भाग्यवश, डुमरकोला निवासी और कोलवरी से सेवानिवृत्त विशुनदेव मंडल (65) की सिर पर यह टहनी आ गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में पिंकू पांडेय, पवन कुमार और छोटू कुमार नामक तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल खैरा पीएचसी ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज किया गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद, स्थानीय ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने चालक को कंटेनर से उतारकर बंधक बना लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। जिस समय दुर्घटना हुई, उस पीपल पेड़ के नीचे लगभग 50 लोग मौजूद थे, जो मृतक विशुनदेव के ही परिवार के किसी बुजुर्ग की तेरहवीं कार्यक्रम के अवसर पर पीपल के पेड़ में पानी देने की रस्म अदा कर रहे थे। गनीमत रही कि पेड़ की टहनी गिरने से केवल विशुनदेव मंडल ही चपेट में आए और अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह और प्रशिक्षु पुअनि. दीपक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और बंधक बनाए गए चालक को मुक्त किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर लिया गया है और उसे थाना लाया जा रहा है। साथ ही, चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कंटेनर अनियंत्रित क्यों हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या कारण थे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें