आजमगढ़ में जहरखुरानी गिरोह के तीन सदस्य डेढ़ किलो गांजे संग गिरफ्तार
आजमगढ़ पुलिस ने सिधारी थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय जहरखुरानी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से डेढ़ किलो गांजा और दो देशी तमंचे भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान कन्नौज निवासी अरविंद बहेलिया और संजीव बहेलिया उर्फ सुल्ली, तथा अंबेडकरनगर निवासी पंकज निषाद के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास जाल बिछाया था। सूचना थी कि गिरोह के सदस्य किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेलइसा रेलवे क्रासिंग के नीचे इन तीनों को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि वे बसों, ट्रेनों और अन्य यात्री वाहनों में सफर कर रहे लोगों को जहरखुरानी का शिकार बनाते थे। इसके बाद वे यात्रियों का सामान लूटकर फरार हो जाते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने कुशीनगर, अंबेडकर नगर, कन्नौज सहित कई जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है, लेकिन आज तक कभी पकड़े नहीं गए थे।
पुलिस की टीम ने बदमाशों के पास से 315 बोर के दो देशी तमंचे और डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में मूसेपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, इटौरा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मराज भारती, अंशुमान सिंह, मनीष मिश्रा, भाष्करानन्द सिंह, अतुल राजभर सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
