जीनत अमान ने ‘बोल्ड’ इमेज तोड़ रूपा का किरदार पाने के लिए अपनाया ये पैंतरा
अपने बेबाक अंदाज़ और बोल्ड इमेज के लिए जानी जाने वाली सदाबहार अभिनेत्री जीनत अमान ने अपने फ़िल्मी करियर के एक ऐसे क़िस्से का खुलासा किया है, जिसने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में रूपा के किरदार को पाने के लिए उनके संघर्ष को उजागर किया है। राज कपूर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रूपा का किरदार आज भी जीनत अमान के यादगार किरदारों में से एक है।
जीनत अमान ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि कैसे वे इस रोल को पाना चाहती थीं, लेकिन उनकी उस समय की ‘मॉडर्न’ और ‘बोल्ड’ इमेज उनके आड़े आ रही थी। अभिनेत्री ने बताया कि राज कपूर उन्हें उस किरदार के लिए शायद इसलिए नहीं चुनना चाहते थे क्योंकि वे मिनी स्कर्ट और वेस्टर्न कपड़ों में नज़र आती थीं, जबकि रूपा का किरदार भारतीय संस्कृति और ग्रामीण परिवेश से जुड़ा था।
जीनत अमान ने लिखा, “मुझे याद है, उस समय मैं वकील बाबू की शूटिंग कर रही थी। राज जी (राज कपूर) भी उस फिल्म में थे। शूटिंग के बीच जब सेट पर बदलाव हो रहे होते थे, तब हम कलाकारों के पास बात करने का मौका मिल जाता था। उस दौरान राज जी ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के लिए लीड एक्ट्रेस की तलाश कर रहे थे।” उन्होंने आगे बताया कि राज कपूर ने कभी सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि वे उन्हें कास्ट नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अंदेशा था कि उनकी इमेज एक बाधा है।
इस अंदेशे को दूर करने और राज कपूर को इम्प्रेस करने के लिए जीनत अमान ने एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान, घाघरा-चोली पहनकर और उसी अंदाज़ में तैयार होकर राज कपूर से मिलने का फैसला किया। उन्होंने अपने मन में रूपा के किरदार की जो छवि बनाई थी, उसी के अनुरूप सज-संवरकर वे राज कपूर के घर पहुंचीं। वहां उनके दाहिने हाथ माने जाने वाले जॉन ने जैसे ही कहा, “साबजी को कहो कि रूपा आई है”, जीनत को अहसास हुआ कि उनका यह प्रयास सफल रहा और वे सही रास्ते पर हैं। इस तरकीब के बाद ही उन्हें रूपा का वो बहुचर्चित किरदार मिला, जिसने उनके करियर को एक नई दिशा दी।
