जिला अस्पताल में वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप
जनपद के जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर में सोमवार देर रात एक वृद्ध मरीज की उपचार के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. नवीन जैन भी वहां पहुंच गए और किसी तरह मामला शांत कराया।
सूत्रों के अनुसार, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के निजापुर गढूंमा गांव निवासी 65 वर्षीय सत्यपाल की तबीयत खराब होने पर उनके परिजन उन्हें उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए थे। चिकित्सकों ने मरीज को भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया। देर रात उपचार के दौरान सत्यपाल की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए ट्रामा सेंटर में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान, जब चिकित्सकों ने परिजनों के आरोपों का विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन जैन भी घटना स्थल पर आ पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सीएमएस ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में कोई लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है।
