जेपी पावर के शेयर में तूफानी तेजी, अदाणी के प्रस्ताव ने लगाई पंख
जयप्रकाश पावर वेंचर्स (जेपी पावर) के शेयर में आज फिर से तूफानी तेजी देखने को मिली है। शेयर बाजार में कारोबार के दौरान यह 9.90 फीसदी बढ़कर 22.32 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा दिन है जब जेपी पावर के शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
इस जोरदार उछाल का मुख्य कारण जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड को खरीदने के लिए अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रस्ताव को लेनदारों द्वारा स्वीकार किया जाना है। इन्सॉल्वेंसी प्रोसेस के तहत, जयप्रकाश एसोसिएट्स के सभी लेनदारों ने अदाणी के 13,500 करोड़ रुपये के टेकओवर प्रस्ताव को वेदांता लिमिटेड की ऊंची बोली से बेहतर माना है।
सूत्रों के अनुसार, लेनदारों ने वेदांता की लगभग 17,000 करोड़ रुपये की बोली के बजाय अदाणी के प्रस्ताव को प्राथमिकता दी, क्योंकि इसमें स्टेकहोल्डर्स द्वारा पसंद किए जाने वाले अधिक अपफ्रंट (तत्काल) भुगतान का प्रावधान है। वेदांता की बोली में पांच साल की भुगतान समय-सीमा थी, जबकि अदाणी ने 1.5 से 2 साल में भुगतान का प्रस्ताव दिया था। इसी वजह से लेनदारों को अदाणी का ऑफर अधिक आकर्षक लगा।
कभी भारत के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर समूहों में से एक रहे जयप्रकाश एसोसिएट्स पर लेनदारों का लगभग 55,000 करोड़ रुपये का भारी भरकम कर्ज बकाया है। इस समूह के खिलाफ भारत के इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) के तहत कार्रवाई पिछले साल जून में शुरू हुई थी, जो देश के सबसे बड़े बैंकरप्सी मामलों में से एक बन गया था।
अदाणी एंटरप्राइजेज द्वारा जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण की खबर ने जेपी पावर के शेयरधारकों में उत्साह भर दिया है, जिसके चलते शेयर में लगातार दो दिनों से तेजी का रुख बना हुआ है। यह घटनाक्रम कंपनी के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है।
