रामपुर में गीदड़ का आतंक: आबादी में घुसकर 6 लोगों को घायल करने के बाद वन विभाग अलर्ट, search operation जारी
रामपुर शहर में एक गीदड़ के आतंक ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। यह गीदड़ आबादी वाले इलाकों में घुसकर अब तक छह लोगों को घायल कर चुका है। इस घटना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है और गीदड़ को पकड़ने के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
वन विभाग की टीम मंगलवार को हाईवे स्थित अंबेडकर पार्क के आसपास के जंगल में गीदड़ की खोजबीन में जुटी रही। हालांकि, दिनभर की कॉम्बिंग और सर्चिंग के बावजूद गीदड़ हाथ नहीं लग सका। विभाग ने बताया कि यह अभियान पूरे दिन जारी रहेगा।
बीते रविवार और सोमवार को नैनीताल हाईवे पर भाखड़ा डैम के निकट अंबेडकर पार्क के आसपास, साथ ही नगर के भीतर पुराने तहसील रोड और सिनेमा रोड पर गीदड़ के हमले हुए थे। इन हमलों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। कुछ वारदातों की फुटेज सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई थी, जिनमें से कुछ सोशल मीडिया पर वायरल भी हुईं। इससे न केवल पार्क आने वाले बल्कि शहर के निवासी भी भयभीत हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, गीदड़ चुपचाप पीछे से हमला कर काट कर भाग जाता था। समाजसेवी सुजाअत हुसैन खान और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार भी इसके शिकार हुए हैं।
लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है कि सूचना दिए जाने के बाद भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। हालांकि, वन विभाग के रेंजर अमित कुमार ने सोमवार शाम को कर्मचारियों की एक टीम गठित कर गीदड़ को पकड़ने और सुरक्षित जंगल में छोड़ने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को वन दरोगा अखिलेश चंदोला के नेतृत्व में टीम ने अंबेडकर पार्क के आसपास के संभावित ठिकानों पर तलाशी ली, लेकिन गीदड़ का कोई सुराग नहीं मिला। रेंजर अमित कुमार ने कहा कि टीम पूरे दिन सक्रिय रहेगी और गीदड़ दिखाई देते ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
