जौनपुर: कुएं में महिला का शव मिला, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप
जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र के एतमादपुर गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक कुएं में 35 वर्षीय विवाहिता गीता का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतका का छोटा बेटा प्रांजल अपनी मां को ढूंढते हुए घर के पास स्थित कुएं पर पहुंचा। कुएं में मां का शव देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं से महिला के शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच और बेटे के बयानों के आधार पर पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतका के छोटे बेटे प्रांजल ने अपनी मां की हत्या का आरोप सीधे तौर पर अपने पिता सतीश यादव पर लगाया है। बेटे ने बताया कि उसके पिता का गांव की ही एक अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध है, जिसका गीता आए दिन विरोध करती थी। इसी बात को लेकर विवाद होता था और संभवतः इसी रंजिश में पिता ने मां की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया।
घटना के बाद से ही आरोपी पिता सतीश यादव घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। कुछ लोग इसे पारिवारिक कलह का परिणाम मान रहे हैं, तो कुछ प्रेम संबंध में बाधा बनने पर हत्या की आशंका जता रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कुएं से मिले महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी सतीश यादव की तलाश में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
