जान गंवाने वालों को एक करोड़ मुआवजा दें, सपा प्रमुख की चुनाव आयोग से मांग
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान काम के अत्यधिक दबाव और तनाव के कारण जान गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए चुनाव आयोग से एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने यह मांग फतेहपुर की बिंदकी तहसील में तैनात लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या के संदर्भ में की, जिसने मंगलवार को यह दुखद कदम उठाया था। बुधवार को एक्स पर एक समाचार रिपोर्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘उप्र में एसआइआर के दौरान मानसिक-शारीरिक रूप से आहत होने के कारण जिन लोगों की जान जा रही है, उसके लिए चुनाव आयोग से सीधी अपील है कि वह एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे। हम भी हर मृतक के आश्रितों को दो लाख रुपये की सहायता राशि देने का संकल्प लेते हैं।’nnnnफिल्म ‘120 बहादुर’ का विशेष शो देखने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने की साजिश रचने का गंभीर आरोप दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर कर रही है और ‘सोशलिस्ट’ व ‘सेक्युलर’ जैसे शब्दों को हटाना चाहती है। एसआइआर में षड्यंत्र के तहत जाति के आधार पर अधिकारियों की तैनाती का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार, अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर दबाव बना रही है, जिसके चलते बीएलओ की जान जा रही है। सपा प्रमुख ने एसआइआर की अवधि तीन महीने बढ़ाने की भी मांग की।nnnnउन्होंने केंद्र सरकार पर भी चीन से सटी सीमा के सिकुड़ने का आरोप लगाते हुए घेरा। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार डिटेंशन सेंटर इसलिए बना रही है, ताकि जनता इन्हें वर्ष 2027 में डिटेंशन सेंटर भेज सके। फिल्म ‘120 बहादुर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रेजांगला में भारतीय जांबाज आखिरी गोली तक लड़े और भारत का क्षेत्रफल कम न हो, इसके लिए उन्होंने अपनी जगह नहीं छोड़ी। उन्होंने भारत सरकार से आंकड़े के साथ यह बताने की मांग की कि हमारा क्षेत्रफल पहले क्या था और आज क्या है। सपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में अहीर रेजिमेंट की मांग की थी और अब उनकी मांग है कि जिन-जिन रेजिमेंट की लोग मांग कर रहे हैं, उन सभी को बनाया जाना चाहिए।nnnnइस बीच, सपा ने निर्वाचन आयोग से अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को वर्ष 2003 की विधानसभावार और मतदेय स्थलवार मतदाता सूची उपलब्ध कराने की मांग की है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए एक ज्ञापन में कहा गया है कि फर्रूखाबाद, औरेया, प्रयागराज, शाहजहांपुर, महोबा, सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में अधिकांश मतदाताओं के नाम सूची से गायब हो गए हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र श्रेणी तृतीय में सबमिट किया जा रहा है और शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्यवाही की जानी चाहिए।”
की जाए।
