IPL 2026 नीलामी से कई बड़े क्रिकेटरों के नाम गायब, फैंस हैरान
आईपीएल 2026 के आगामी सीजन के लिए 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली नीलामी में इस बार क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल नहीं होंगे। कुल 1355 क्रिकेटरों के इस नीलामी पूल से 77 खिलाड़ी खरीदे जाएंगे, जिनमें 31 विदेशी होंगे। लेकिन, कई दिग्गज खिलाड़ी जो सालों से आईपीएल का अहम हिस्सा रहे हैं, इस बार मैदान पर नहीं दिखेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इस सीजन के लिए नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है। 2012 में दिल्ली फ्रेंचाइजी से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले मैक्सवेल का यह पहला सीजन होगा जब वह आईपीएल में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। पिछले सीजन उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा था, लेकिन इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया।
वेस्टइंडीज के तूफानी ऑलराउंडर आंद्रे रसेल भी इस सीजन आईपीएल में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ दो बार (2014 और 2024) खिताब जीतने वाले रसेल ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। कोलकाता ने उन्हें रिटेन न करने का फैसला किया था, जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया था। हालांकि, रसेल अब कोलकाता के लिए बतौर पावर कोच लौट आए हैं।
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी, जो लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे थे, उन्होंने भी इस सीजन के लिए अपना नाम नीलामी में नहीं दिया है। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले डु प्लेसी ने इस बार पाकिस्तान सुपर लीग को तरजीह दी है। उन्होंने चेन्नई के साथ 2018 और 2021 में आईपीएल खिताब जीता था और 2022 से 2024 तक वह आरसीबी के कप्तान भी रहे।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली ने भी पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने को प्राथमिकता देते हुए आईपीएल नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है। पिछले सीजन वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा भी इस सीजन आईपीएल में दिखाई नहीं देंगे। मोहित ने हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है। उन्होंने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और बाद में पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का भी हिस्सा रहे।
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी इस साल आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। अश्विन ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वह पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे और उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी भी की है। अश्विन आईपीएल के पहले सीजन 2008 से खेल रहे थे, जिससे उनकी अनुपस्थिति फैंस के लिए एक बड़ा झटका है।
