अलीगढ़ में सरकारी जमीन पर ‘illegal mining’ का खुलासा, वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के मोहकमपुर गांव में सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से दिन-रात मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। आरोप है कि अब तक हजारों ट्रॉली मिट्टी सरकारी जमीन से उठाई जा चुकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अवैध खनन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में सरकारी जमीन से मिट्टी का उठान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने पाया कि सरकारी जमीन पर छह-छह फीट तक गहरी खुदाई की गई है। जांच में यह पुष्टि हुई कि बिना किसी आधिकारिक अनुमति के बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में बन रही एक सोलर फैक्ट्री के निर्माण कार्य के लिए इस मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। जिला खनन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पावर सोलर प्लांट कंपनी को मिट्टी उठाने की कोई परमिशन नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सुमित सिंह ने भी अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
