शामली में भीषण हादसा: ट्रक ने बाइक सवार को 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम
शामली जिले में चौसाना-बिडौली मार्ग पर रविवार रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ। लोहे के पाइप से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक नरेश (33) की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब नरेश अपने दो साथियों के साथ नगला चौक हरियाणा स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमालपुर बिजली घर के पास बिडौली की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक नरेश ट्रक के पिछले टायरों में फंस गया। ट्रक चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय उसे लगभग 50 मीटर तक घसीटा, जिससे नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। घसीटने के बाद ट्रक पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत जेसीबी मंगवाई और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद नरेश के शव को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला जा सका। इस दौरान बाइक पर सवार नरेश के साथी सुरेश और रवि सड़क के दूसरी ओर गिर गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना पर चौसाना और बिडौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जाच जारी है। मृतक नरेश की आठ साल पहले शादी हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है।
