उरई में खौफनाक वारदात: शराब पार्टी में दोस्तों ने ईंटों से कुचलकर की दोस्त की हत्या
उरई में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां शराब पीने के दौरान हुए विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही दोस्त की निर्मम हत्या कर दी। मुहल्ला बघौरा में मंगलवार रात को हुई इस घटना में, आरोपियों ने महेंद्र चौधरी उर्फ बाबा के सिर को ईंटों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुहल्ला बघौरा निवासी 27 वर्षीय महेंद्र उर्फ बाबा अपने तीन दोस्तों अल्ताफ, राजा और जीशान के साथ शराब पार्टी करने के लिए घर से निकला था। रात करीब 12 बजे मरघट के सामने मैदान में शराब पीने के दौरान चारों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि जीशान ने पहले महेंद्र के सिर में ईंटा मार दिया। इसके बाद अल्ताफ और राजा ने महेंद्र को पकड़ लिया और राजा ने उसके सिर में ईंटों से 10 से अधिक प्रहार किए।
हमले में महेंद्र का सिर बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। रात करीब डेढ़ बजे जब स्वजन महेंद्र को खोजते हुए घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने उसका क्षत-विक्षत शव देखा। स्वजन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई दीपक की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
