अलीगढ़ में होली मिलन समारोह, ‘पत्नी की हां में हां मिलाते चले जाइए’ कविता पर झूमे लोग, Aligarh news
अलीगढ़ में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा रविवार को होली मिलन समारोह और नव संवत्सर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित हास्य कवि सम्मेलन ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम का शुभारंभ बरौली विधायक जयवीर सिंह और एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप जलाकर किया।
कवि सम्मेलन में महोबा के कवि प्रदीप दिहुलिया ने अपनी हास्य कविता से श्रोताओं को खूब हंसाया। उन्होंने सुनाया, ‘चाहते हो जीवन को सफल बनाना यदि, पत्नी की हां में हां मिलाते चले जाइए, वो दिन को कहे जो रात, दूध को कहे जो भात सहमति में शीश को हिलाते चले जाइए’। इस कविता पर श्रोताओं ने खूब ठहाके लगाए। कवि उपेंद्र राणा ने महाराणा प्रताप पर आधारित जोशीला गीत सुनाकर युवाओं में उत्साह भर दिया, जबकि चमन सिसोदिया ने देशभक्ति गीतों से लोगों को ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन आपसी गिले-शिकवे दूर कर समाज को एकजुट करने का अवसर देते हैं। इस दौरान वक्ताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव में क्षत्रिय समाज की भूमिका, एससी-एसटी एक्ट और यूजीसी कानून के दुरुपयोग पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
