0

Hero Xtreme 160R 4V का कॉम्बैट एडिशन लॉन्च, क्रूज कंट्रोल समेत मिले खास फीचर्स

By Nov 18, 2025

दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी स्पोर्ट्स कम्यूटर मोटरसाइकिल Xtreme 160R 4V का एक नया और खास एडिशन, ‘कॉम्बैट एडिशन’ पेश किया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस नए वेरिएंट की कीमत का खुलासा नहीं किया है। इस खास एडिशन को मौजूदा मॉडल की तुलना में कुछ कॉस्मेटिक बदलावों और सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स के साथ पेश किया गया है, जो इसे और भी आकर्षक बनाते हैं।

डिजाइन के मामले में, कॉम्बैट एडिशन में कोई बड़ा मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इसके विजुअल अपीयरेंस को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया है। बाइक को एक नया ‘कॉम्बैट ग्रे’ रंग थीम दिया गया है, जिसमें जियोन येलो रंग की हाइलाइट्स का इस्तेमाल किया गया है। टैंक श्राउड और इंजन कवर पर नियोन येलो स्ट्रिप्स इसे एक स्पोर्टी और प्रीमियम लुक दे रही हैं। इसके रियर सेक्शन में पैसेंजर सीट के पास भी नियोन येलो एक्सेंट देखने को मिलता है। हेडलैम्प डिजाइन को भी अपडेट किया गया है, जो अब Xtreme 250R से प्रेरित लगता है।

इस नए कॉम्बैट एडिशन की सबसे बड़ी खासियत इसके फीचर्स हैं, जो इसे 160cc सेगमेंट में सबसे एडवांस मोटरसाइकिल बनाते हैं। इसमें क्रूज कंट्रोल की सुविधा दी गई है, जो लंबी यात्राओं को आरामदायक बनाएगी। इसके अलावा, इसमें रेन, स्पोर्ट और रोड जैसे तीन राइडिंग मोड्स भी शामिल किए गए हैं। ये फीचर्स इस सेगमेंट में पहली बार पेश किए गए हैं। अन्य प्रमुख फीचर्स में राइड-बाय-वायर तकनीक, 0-60 किमी प्रति घंटा और क्वार्टर-माइल टाइम रिकॉर्डर, तथा एक नया फुल-कलर एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हैं। इन तकनीकी अपडेट्स के कारण, कॉम्बैट एडिशन स्टैंडर्ड मॉडल की तुलना में अधिक प्रीमियम स्थिति में होगा।

जहां तक इंजन की बात है, तो कॉम्बैट एडिशन में स्टैंडर्ड Xtreme 160R 4V वाला ही 163cc, 4-स्ट्रोक, एयर-ऑयल कूल्ड, 4-वाल्व इंजन दिया गया है। यह इंजन 16.66 hp की अधिकतम पावर और 14.6 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। हालांकि इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन नए टेक-केंद्रित फीचर्स इसे अपने सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनाते हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें