हज यात्रा 2026: महरम श्रेणी में चयनित महिलाओं के लिए जरूरी सूचना, 15 दिसंबर तक जमा करनी होगी धनराशि
हज यात्रा 2026 के लिए महरम श्रेणी में चयनित महिला आजमीने हज के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सर्कुलर नंबर-22 जारी किया है। इस सर्कुलर के तहत चयनित महिलाओं को प्रथम एवं द्वितीय किश्त की धनराशि जमा करने का अवसर दिया गया है। यह धनराशि 15 दिसंबर तक जमा करनी होगी।
जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र के प्रभारी हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने जानकारी दी कि महरम श्रेणी में उन महिलाओं को शामिल किया गया है जिनके पति का चयन हज यात्रा-2026 के लिए हुआ था, लेकिन पासपोर्ट समय पर न मिलने या अन्य कारणों से महिला का चयन नहीं हो सका था। इस श्रेणी में 500 सीटों के लिए 957 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 881 आवेदन पात्र पाए गए। लाटरी (कुर्रा) द्वारा निर्धारित सीटों पर 71 महिला आजमीने-हज का चयन किया गया है।
चयनित महिलाओं को दो लाख 70 हजार 300 रुपये की धनराशि एसबीआइ या यूनियन बैंक आफ इंडिया के खाते में हज कमेटी की निर्धारित पेय स्लिप पर 15 दिसंबर तक जमा करनी होगी। यह धनराशि कमेटी की वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in पर आनलाइन नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआइ के माध्यम से भी जमा की जा सकती है।
इसके बाद, हज आवेदन फार्म, स्वप्रमाणित घोषणा पत्र, पे-स्लिप, मेडिकल फिटनेस प्रमाण एवं अन्य दस्तावेज 20 दिसंबर तक रजिस्टर्ड डाक से भेजने होंगे। अधिक जानकारी के लिए हज हेल्प लाइन नंबर 9412503151 और 9219123333 पर संपर्क किया जा सकता है।
