हापुड़ के 67 गांवों को HPDA में शामिल करने की मांग, CM से हुई चर्चा
हापुड़ जिले में धौलाना तहसील क्षेत्र के 67 गांवों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (GNIDA) के बजाय हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) में शामिल करने की मांग ने जोर पकड़ा है। पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण इन गांवों की हजारों एकड़ भूमि का विकास रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा 467 भूमि से संबंधित फाइलों को निरस्त कर दिया गया है, जिससे उद्यमियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी हो रही है।
एक बैठक को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि धौलाना क्षेत्र के 67 गांवों की भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत अधिसूचित है। यदि यहां कोई उद्योग स्थापित करना हो तो GNIDA से अनुमति लेनी पड़ती है, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारी उद्यमियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने में आनाकानी करते हैं। इस देरी से न केवल उद्यमी निराश हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तोमर ने मांग की है कि यदि इन गांवों की भूमि को HPDA में स्थानांतरित कर दिया जाए, तो अगले छह महीनों में यहां बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे। इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि सरकार को भी करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
इसके अतिरिक्त, पूर्व सांसद ने रिलायंस द्वारा किसानों से भूमि अधिग्रहण के मामले में भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि किसानों से रिलायंस के नाम पर कम मुआवजे पर भूमि अधिग्रहित की गई थी, जिसे बाद में ऊर्जा निगम के नाम पर दर्ज कर दिया गया। इस मामले को लेकर किसान अदालतों के चक्कर काट रहे हैं। तोमर ने कहा कि नियमानुसार, सरकार को किसानों को चार गुना मुआवजा देकर इस विवाद को समाप्त करना चाहिए और किसानों पर चल रहे मुकदमों को वापस लेना चाहिए।
इस संबंध में, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने तीन दिन पूर्व लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरी स्थिति से अवगत कराया और समाधान की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान यूपीएसआइडीसी के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, चमन सिंह तोमर, सुरेश तोमर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नामकरण समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार
शादी से पहले खूनी संघर्ष: झूठी मौत का बहाना, दूल्हे के भाई को पीटा
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही: हापुड़ DM सख्त, 79 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस
24 घंटे में दूर हुआ अंधेरा, DM के त्वरित एक्शन से बुजुर्ग महिला को मिली बिजली
हापुड़ में कारखाने से लाखों के माल पर चोरों का हाथ, CCTV में कैद हुई वारदात
हापुड़ में किसान हत्याकांड: दो माह बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं
हापुड़ में बुखार का कहर: युवती की मौत से गांव में दहशत, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
हापुड़ में वायु प्रदूषण का कहर: ‘बेहद खराब’ AQI से सांस लेना दूभर
