गुमला: 69 साल की वृद्धा से हैवानियत, युवक ने किया दुष्कर्म; जान से मारने की धमकी देकर भागा
गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक 69 वर्षीय वृद्धा के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है, जब पीड़िता कुलाही और सरखी गांव के बीच डाड़ में अपनी गाय-बकरियां चरा रही थी।
पीड़िता के अनुसार, 22 वर्षीय आरोपी बलराम महतो अचानक वहां पहुंचा और उन्हें जबरदस्ती खींचकर सुनसान झाड़ी की ओर ले गया। वृद्धा के लाख विरोध करने और चिल्लाने के बावजूद आरोपी ने उनके साथ दरिंदगी की। आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी ताकि वह शोर न मचाए।
काफी संघर्ष के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर सड़क पर आने में सफल रहीं। लोगों की आवाजाही बढ़ने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
