Gorakhpur accident news: गोरखपुर में अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, ट्रालर पलटने से तीन घायल
गोरखपुर जिले में शनिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा गगहा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से देवरिया निवासी रामजी चौहान (32) की मृत्यु हो गई। रामजी चौहान राजमिस्त्री का काम करते थे और काम पर जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरा हादसा गीडा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुआ। यहां जैतपुर निवासी सुधांशु त्रिपाठी (25) की बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रालर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीसरी घटना बेलीपार थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार आधी रात को एक ट्रालर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस लेन में पलट गया। यह हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ। ट्रालर बिहार से मोरंग बालू लेकर गोंडा जा रहा था। हादसे में चालक समेत तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए। ट्रालर पलटने से 40 फीट रेलिंग और एक स्ट्रीट लाइट का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
