आगरा में Valentine’s Day के लिए प्रेमिका की हत्या, नई गर्लफ्रेंड से शादी का वादा कर किया मर्डर
आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मिले एक युवती के शव ने सनसनी फैला दी थी। खंदौली टोल प्लाजा के पास कंबल में लिपटे शव की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती थी। पुलिस ने AI तकनीक की मदद से युवती की पहचान सोनाली के रूप में की। जांच में पता चला कि सोनाली महोबा की रहने वाली थी और चार साल पहले अपने पति को छोड़कर प्रेमी सनी के साथ दिल्ली चली गई थी।
सोनाली और सनी दिल्ली के जहांगीरपुरी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि, उनका रिश्ता तनावपूर्ण था। सनी ने एक नई प्रेमिका से संबंध बना लिए थे और वह सोनाली से छुटकारा पाना चाहता था। सोनाली इस बात का विरोध करती थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि सनी ने अपनी नई प्रेमिका से Valentine’s Day पर शादी करने का वादा किया था। इस वादे को पूरा करने के लिए उसे सोनाली को रास्ते से हटाना था। सनी ने मौका देखकर सोनाली की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद सनी ने अपने माता-पिता की मदद ली। उसने एक थार गाड़ी किराए पर ली और शव को कंबल में लपेटकर ठिकाने लगाने निकला। उसका इरादा शव को किसी नदी में फेंकने का था, लेकिन सुबह होने के कारण उसने शव को यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी सनी को गिरफ्तार कर लिया।
