ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन इमारत ढही, एक की मौत, NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नगला हुकम सिंह गांव में बुधवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय इमारत में अवैध निर्माण कार्य चल रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
सूत्रों के अनुसार, इमारत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दूसरे चरण के लिए अधिग्रहित और विस्थापित होने वाले गांव में स्थित थी। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य में लगे थे, जबकि कुछ तीसरी मंजिल पर लेंटर की सेटिंग हटा रहे थे। लेंटर पूरी तरह से पका नहीं था, जिसके कारण सेटिंग हटाते ही वह गिर गया, जिससे पूरी इमारत ढह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबे से अब तक चार मजदूरों को निकाला जा चुका है। NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और मलबे में फंसे अन्य मजदूरों की तलाश जारी है।
सूत्रों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दूसरे चरण के लिए जेवर के 6 गांवों की 1181 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इन गांवों में नगला हुकम सिंह, कुरैब और रन्हेरा भी शामिल हैं, जहां विस्थापन होना है। सूत्रों के अनुसार, विस्थापित होने वाले लोग मुआवजे और प्लांट के लालच में अवैध निर्माण कर रहे थे।
इस घटना ने अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर मुद्दे को उजागर किया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे में फंसे अन्य मजदूरों को निकालने की कोशिशें की जा रही हैं।
